14 अगस्त 2020 - 17:18
ट्रम्प को वाइट हाउस में बाक़ी रखने के लिए षडयंत्र जारीः हिलैरी क्लिंटन

हिलैरी क्लिंटन ने कहा है कि ट्रम्प को सत्ता में बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर काम चल रहा है।

अमरीका की पूर्व विदेशमंत्री और सन 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रम्प की प्रतिस्पर्धी हिलैरी क्लिंटन का कहना है कि वर्तमान राष्ट्रपति ट्रम्प को वाइट हाउस में बनाए रखने के लिए अमरीका के अटार्नी जनरल अपने पूरे प्रयास कर रहे हैं।  फ़ार्स न्यूज़ के अनुसार हिलैरी का कहना था कि ट्रम्प के समर्थक, उनको आगे भी वाइट हाउस में देखने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं।  उन्होंने कहा कि मैं अमरीकी नागरिकों को डराना नहीं चाहती हूं किंतु उनको अवश्य सचेत करना चाहती हूं।  हिलैरी के अनुसार ट्रम्प, स्थानीय चुनावों में पराजित होते जा रहे हैं और सर्वेक्षणों में भी वे स्पष्ट रूप में पिछड़ते दिखाई दे रहे हैं।

ज्ञात रहे कि नए सर्वेक्षणों के अनुसार अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प, अपने चुनावी प्रतिस्पर्धी जो बाइडन से पिछड़ते जा रहे हैं।  वे यह भी कह चुके हैं कि आगामी राष्ट्रपति चुनाव में व्यापक स्तर पर चुनावी धांधली की सभावना पाई जाती है।